पुरूष, महिला सहित गर्भवती व धात्री महिलाओं और किशोरियों को मिलेगा लाभ
सोमवार को कस्तूरबा गाँधी आवासीय बालिका विद्यालय शिवपुर में 93 किशोरियों और 3 शिक्षकों तथा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चोलापुर में 45 लाभार्थियों की हुई स्क्रीनिंग

अनंत पत्र
वाराणसी। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ संदीप चौधरी ने बताया कि जनपद में हीमो क्यूआर एप एंड डैशबोर्ड ((हीमोग्लोबिन पहचान परीक्षण साफ्टवेयर प्रणाली) का उपयोग करके जनमानस की हीमोग्लोबिन स्क्रीनिंग करने हेतु पायलट प्रोजेक्ट का शुभारम्भ सोमवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चोलापुर और कस्तूरबा गाँधी आवासीय बालिका विद्यालय शिवपुर से शुरू किया गया। इस क्रम में कस्तूरबा गाँधी आवासीय बालिका विद्यालय शिवपुर में 93 किशोरियों और 3 शिक्षकों की स्क्रीनिंग तथा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चोलापुर में 45 लाभार्थियों की टेस्टिंग की गई है। यह पायलट प्रोजेक्ट स्वास्थ्य विभाग के तत्वावधान में स्मार्ट क्यूआर टेक्नोलोजीज प्राइवेट लिमिटेड संस्था के द्वारा कराया जा रहा है।
जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ एके मौर्या ने बताया कि मंगलवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चोलापुर और चोलापुर क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले कस्तूरबा गाँधी विद्यालय तथा नरपतपुर में स्क्रीनिंग की जायेगी। इसलिए जायदा से ज्यादा लोग स्वास्थ्यं केन्द्रों पर पहुँच कर स्क्रीनिंग का लाभ उठाएं। इस क्रम में प्रोजेक्ट के अन्तर्गत न्यूनतम् 5000 व्यक्तियों की हीमोग्लोबिन स्क्रीनिंग ब्लाक स्तर पर शिविर आयोजित कर किया जायेगा। प्रोजेक्ट के अन्तर्गत स्क्रीनिंग किये गये व्यक्तियों की हीमोग्लोबिन स्क्रीनिंग की शुद्धता की पुष्टि रैंडम सैंपल सेलेक्शन स्तर पर विभागीय लैब में कराई जायेगी| हीमोग्लोबिन स्क्रीनिंग पुरूष एवं महिला, सभी आयु वर्ग के लोगों की होनी है, जिसमें से ज्यादा से ज्यादा संख्या गर्भवती / स्तनपान कराने वाली महिलाओं और किशोरियों की होगी। उक्त कार्य हेतु हीमो क्यूआर के उपयोग के लिए क्षेत्रीय स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं और तकनीकी कर्मचारियों को स्मार्ट क्यूआर टेक्नोलोजीज प्राइवेट लिमिटेड संस्था द्वारा प्रशिक्षित भी किया जायेगा। यह पायलट प्रोजेक्ट संस्था द्वारा कार्य प्रारम्भ होने की तिथि से 60 दिवसों के भीतर पूरा किया जाएगा। प्रोजेक्ट सफल होने पर इसे पूरे प्रदेश में लागू करने का निर्णय शासन स्तर से लिया जायेगा।