लोहता पुलिस और एनडीआरएफ की टीम दो दिन नदी में खोजा, नहीं मिली सफलता
अनंत पत्र
वाराणसी। करीब 48 घंटे पहले यानि बीते शुक्रवार की शाम परिजनों की डांट से क्षुब्ध होकर नदी से छलांग लगाने वाला युवक बृजेश कुमार गोड़ को आज रविवार की शाम तक भी खोजा नही जा सका। रविवार को लोहता पुलिस और एनडीआरएफ की टीम ने नदी के चप्पे-चप्पे पर खोजबीन की लेकिन सफलता नहीं मिली,खोजी अभियान को बंद करना पड़ा। युवक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
जानकारी के अनुसार लोहता थाना क्षेत्र के मथुरापुर (भरथरा ग्राम पंचायत) निवासी बृजेश कुमार गोड़ नामक युवक घर वालों की डांट से क्षुब्ध होकर पिसौर पुल से नदी में कूद पड़ा था। उसके साथ भाई अजय ने भी छलांग लगाई थी। अजय को तैरना नहीं आता था, जो किसी प्रकार नदी से बाहर निकल आया लेकिन साथ में छलांग लगाने वाला बृजेश का पता नहीं चला। दो दिन की खोजबीन के बाद भी बृजेश जिंदा या मुर्दा नहीं मिल सका। चर्चा रही कि बृजेश तैरना जानता था। अत: रात का सहारा लेते हुए नदी से निकलकर कहीं भाग निकला है। यह भी चर्चा रही कि नदी का पानी काफी कम है ऐसे में करीब 50-60 फीट की ऊचाई से कूदने पर बच पाना संभव नहीं है। पुलिस अन्य सभी पहलूओं पर अपनी जांच कर रही है।