एप्लीकेशन को डाउनलोड करके वाट्सएप की तरह प्रयोग कर सकेंगे किसान

अनंत पत्र
वाराणसी । घर बैठे किसानों की शंकाओं का समाधान व उनके सवालों का जबाब देने के लिए प्रदेश सरकार ने “किसान मित्र एप्लीकेशन” की शुरुआत कर दी है।बीते दिनों प्रधानमंत्री के संसदीय क्षेत्र में भी कृषि विभाग के क्षेत्रीय कार्मिकों व किसानों को किसान मित्र एप्लीकेशन का प्रशिक्षण भी दिया जा चुका है।किसान मित्र एप्लीकेशन पर किसान चैट के माध्यम से अपने कृषि सम्बंधित प्रश्नों का जबाब पा सकेंगे।इस एप्लीकेशन से किसानों की कई प्रकार की समस्याओं का समाधान हो सकेगा।साथ ही किसान कृषि की नवीनतम तकनीकों से भी अपडेट रहेंगे।
जनपद के उप कृषि निदेशक ने बताया कि किसान मित्र एप्लीकेशन में एआई (आर्टीफिशियल इंटेलीजेंस) का प्रयोग किया गया है।इस एप्लीकेशन को किसान भाई अपने एंड्रायड फोन में अपलोड करके उस पर अपनी कृषि सम्बंधित समस्याओं,सवालों को बोलकर या लिखकर चैट के माध्यम समाधान पा सकते हैं।किसानों के प्रश्न प्राप्त होते ही किसान मित्र एप्लीकेशन पर किसानों को चैट के माध्यम से जबाब दिया जायेगा।साथ ही किसानों की समस्या को विभाग के पास भी पहुंचा दिया जायेगा जो उसको हल करेगा।
उल्लेखनीय है कि जो किसान भाई अपनी कृषि से सम्बंधित समस्याओं को लेकर कार्यालयों का चक्कर काटते रहते थे ऐसे किसानों का समय एवं श्रम दो बचेगा।किसान मित्र एप्लीकेशन के प्रारंभ होने से अब किसानों को कृषि से सम्बंधित समस्याओं के समाधान के लिए परेशान नहीं होना पड़ेगा।
किसान मित्र एप्लीकेशन में किसान कृषि,पशुपालन,उद्यान,मछली पालन,कृषि रक्षा,फसल सुरक्षा,फसल बीमा योजना,मौसम से सम्बंधित सवाल भी कर सकते हैं।
बोले उप कृषि निदेशक –
जनपद के उप कृषि निदेशक अखिलेश कुमार सिंह का कहना था कि किसानों को घर बैठे उनके कृषि से सम्बंधित सवालों व समस्याओं के समाधान के लिए किसान मित्र एप्लीकेशन अपने नाम के अनुरूप ही किसानों के साथ मित्रता निभायेगा और उनके सवालों का तुरंत जबाब भी देगा।हलांकि किसानों के कृषि सम्बंधित समस्याओं के समाधान हेतु जनपद की सभी न्याय पंचायतों में क्षेत्रीय कार्मिकों बीटीएम, एटीएम, तकनीकी सहायकों की तैनाती की गयी है लेकिन कार्मिको की अनुपस्थिति में किसान भाई किसान मित्र एप्लीकेशन का प्रयोग करके लाभ उठा सकते हैं।समय समय किसान मित्र एप्लीकेशन को अपडेट भी किया जायेगा जिससे किसानों नवीनतम तकनीकों से भी अवगत कराया जा सके।