डेंगू नियंत्रण के लिए स्वास्थ्य विभाग सतर्क। सीएमओ

Spread the love

जनसमुदाय को जागरूक करने के लिए घर-घर जाएंगी आशा, लोगों को जमा पानी खाली कराने के लिए भी करेंगी जागरूक
घर के आस-पास रखें साफ सफाई, सोते समय करें मच्छरदानी का प्रयोग

अनंत पत्र
वाराणसी। जनपद में डेंगू पर रोकथाम के उद्देश्य से स्वास्थ्य विभाग की ओर से विशेष अभियान चलाया जाएगा। लोगों को डेंगू के लक्षण, बचाव और इलाज के बारे में जागरूक करने के साथ ही घरों के आसपास साफ-सफाई के लिए भी प्रेरित किया जाएगा। इस वर्ष राष्ट्रीय डेंगू दिवस की थीम “Check, Clean Cover: Step to Defeat Dengue” तय की गई है। हर साल 16 मई को राष्ट्रीय डेंगू दिवस मनाया जाता है। इसका उद्देश्य लोगों को इस बीमारी के कारण, बचाव के बारे में जागरूक करना होता है। स्वास्थ्य विभाग डेंगू नियंत्रण के लिए सतर्क हो गया है| इसकी जानकारी मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. संदीप चौधरी ने दी|
सीएमओ ने बताया कि सभी अधीक्षक और प्रभारी चिकित्सा अधिकारी विद्यालयों में छात्रों को जागरूक करने हेतु रैली कराना सुनिश्चित करें, साथ ही संवेदनशील क्षेत्रों में बुखार के रोगियों की जांच हेतु कैंप कराना भी सुनिश्चित करें। राहत की बात यह है कि, इस साल अभी तक डेंगू का कोई नया मरीज नहीं मिला है। आमतौर पर बारिश के मौसम में डेंगू के मरीज मिलते हैं। डेंगू की रोकथाम व बचाव के लिए आशा व एएनएम घर-घर जाकर हर रविवार मच्छर पर वार, लार्वा साइड पर प्रहार स्लोगन के माध्यम से जनसमुदाय को जागरूक करेंगी। 
जिला मलेरिया अधिकारी (डीएमओ) शरद चंद पांडे ने बताया कि, आशा कार्यकर्ता अपने क्षेत्र में जागरूकता के साथ ही एक जगह जमा पानी को खाली कराएंगी। डेंगू से बचाव के लिए बुखार की स्थिति में डॉक्टर की सलाह पर ही दवा लें। डेंगू का लार्वा साफ पानी में पनपता है। आशा कार्यकर्त्ता श्रोत विनष्टीकरण अवश्य करायें| कूलर, गमला, फ्रिज, ट्रे और नाद की जाँच करें और श्रोत का निस्तारण सुनिश्चित करें| साफ पानी के ठहराव से भी डेंगू का लार्वा बनता है। ऐसी जगहों की सप्ताह में एक बार सफाई करने के लिए लोगों को जागरूक करें। अपने घर के आस पास साफ-सफाई रखें और सोते समय मच्छरदानी का प्रयोग अवश्य करें| डेंगू के लक्षण दिखने पर अपने नजदीकी सरकारी अस्पताल में डॉक्टर से तुरंत सम्पर्क करें। 
उन्होंने बताया कि तेज बुखार, तेज सिर दर्द, जोड़ों में दर्द, नाक से खून बहना, त्वचा पर चकत्ते, मसूड़ों से खून बहना, आंखों में दर्द, उल्टी,  डायरिया और पीठ दर्द इत्यादि डेंगू के लक्षण हो सकते हैं|

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *