टीम ने टीकाकरण, स्वच्छता, कचरा प्रबंधन व संक्रमण नियंत्रण के मानकों पर परखा

अनंत पत्र
वाराणसी। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ संदीप चौधरी ने बताया कि भारत सरकार द्वारा चलाए जा रहे नेशनल क्वालिटी एश्योरेंस स्टेंडर्ड (एनक्वास) प्रमाणीकरण के तहत बुधवार को एनक्वास टीम ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सेवापुरी के अंतर्गत दसवें केंद्र आयुष्मान आरोग्य मंदिर मनियारीपुर का निरीक्षण किया| इससे पूर्व स्वास्थ्य केंद्र के 9 केन्द्रों को एनक्वास का प्रमाण पत्र मिल चुका है| इस दौरान टीम ने स्वास्थ्य केंद्र की स्वच्छता, टीकाकरण, कर्मचारियों के कार्यों की तथा मरीजों को मिल रही सुविधाओं की सराहना की|
स्वास्थ्य केंद्र के अधीक्षक डॉ अमित सिंह ने बताया कि भारत सरकार से आई दो सदस्यीय टीम जिसमें डॉ अतीन्द्र उपाध्याय एवं डॉ. विकास कुमार को पूरे केंद्र का भ्रमण कराया गया| टीम को केंद्र में दी जा रही सेवाओं की जानकारी दी गई जैसे गर्भावस्था एवं शिशु जन्म देखभाल, नवजात एवं शिशु स्वास्थ्य देखभाल, बाल स्वास्थ्य एवं किशोरावस्था स्वास्थ्य देखभाल, परिवार नियोजन, गर्भनिरोधक सेवाएं एवं अन्य प्रजनन स्वास्थ्य देखभाल, संचारी रोगों का प्रबन्धन, राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रम, वाह्य रोगियों के साधारण बीमारियों का उपचार तथा गैर संचारी रोगों की स्क्रीनिंग सन्दर्भन एवं फालोअप तथा इसके पश्चात विभागवार किए जा रहे कार्यों एवं रोगियों द्वारा भरे गये संतुष्टि प्रपत्रों से भी अवगत कराया| टीम को केंद्र पर समय-समय पर माता बैठक, सास बेटा बहू सम्मलेन, महिला सशक्तीकरण जागरूकता इत्यादि की गतिविधियों के बारे में भी बताया गया|
कार्यक्रम के नोडल अधिकारी डॉ वाईबी पाठक ने बताया कि प्रधानमंत्री के संसदीय क्षेत्र वाराणसी में सामुदायिक स्तर पर चिकित्सीय व स्वास्थ्य सुविधाओं का लगातार विस्तार और सुदृढ़ीकरण किया जा रहा है। आरोग्यं परमं धनम् को ध्यान में रखते हुए घर के नजदीक ही संचालित किए जा रहे आयुष्मान आरोग्य मंदिरों के माध्यम से समुदाय में बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं की पहुँच बढ़ाई जा रही है।
मंडलीय क्वालिटी एस्योरेंस कंसल्टेंट डॉ तनवीर सिद्दीकी ने बताया कि चिकित्सा इकाईयों और स्वास्थ्य केन्द्रों का नामांकन आंतरिक, सहकर्मी एवं बाहरी मूल्यांकन के अंतर्गत तीन चरणों में किया जाता है। इन चरणों के माध्यम से सभी बिन्दुओं जैसे – स्वास्थ्य सुविधाओं, स्वच्छता, कचरा प्रबंधन, संक्रमण नियंत्रण, समर्थन तथा स्वच्छता को बढ़ावा देना, मरीजों के साथ स्टाफ का सकारात्मक व्यवहार आदि पर स्वास्थ्य केंद्र का मूल्यांकन किया जाता है।
भ्रमण के दौरान सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी (सीएचओ) संध्या मौर्या, बीपीएम अनूप मिश्रा, एएनएम आराधना, आशा संगिनी शर्मिला तथा आशा राजकुमारी, मंजू देवी, उमा पटेल, मीरा, सुनीता मिश्रा,प्रेमलता पटेल, मनराजी देवी तथा शुभावती देवी व अन्य स्टाफ मौजूद रहे|