कृषि वैज्ञानिकों ने किसानों को दिये आधुनिक खेती के टिप्स

अनंत पत्र
वाराणसी ।प्रदेश की मौजूदा सरकार किसानों के हितों की रक्षा व उनके उत्थान के लिए समर्पित है।किसानों के हितों को ध्यान में रखते हुए सरकार द्वारा अनेक कल्याणकारी योजनाएं चलायी जा रही हैं जिससे किसानों को कम लागत में अधिक उत्पादन प्राप्त हो सके।उक्त बातें जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम मौर्या ने बृहस्पतिवार को कृषि विभाग द्वारा पिण्ड्रा विकास खण्ड के अलाउद्दीन स्थित साधन सहकारी समिति के परिसर में आयोजित किसान मेला व विकास खण्ड स्तरीय किसान गोष्ठी में किसानों को सम्बोधित करते हुए कही।
बतौर मुख्य अतिथि कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए उन्होंने किसानों से प्रधानमंत्री फसल बीमा योजनान्तर्गत रबी फसलों का बीमा कराने की अपील की।किसानों को सलाह देते हुए उन्होंने कहा कि किसान कृषि विभाग के कर्मचारियों व कृषि विज्ञान केंद्र के कृषि वैज्ञानिकों से बेहतर सामंजस्य स्थापित करते हुए योजनाओं का लाभ उठाएं।
उप कृषि निदेशक अखिलेश कुमार सिंह के निर्देशन में कृषि सूचना तंत्र के सुदृढ़ीकरण व कृषि तकनीकी प्रबंध अभिकरण “आत्मा योजना” अंतर्गत आयोजित किसान मेला/गोष्ठी मे कृषि विज्ञान केंद्र के कृषि वैज्ञानिक डा.राहुल सिंह ने रबी फसलों को झुलसा रोग व पाला से बचाने के उपाय सुझाए एवं खेती की नवीनतम तकनीकों पर विस्तारपूर्वक चर्चा की।
कृषि वैज्ञानिक डा.श्रीप्रकाश ने रबी फसलों की बुआई पंक्तियों में करने के लिए सुपर सीडर, सीडड्रिल के प्रयोग करने की सलाह दी।जिला उद्यान अधिकारी सुभाष कुमार ने उद्यान विभाग एवं उप सम्भागीय कृषि प्रसार अधिकारी निरुपमा सिंह ने किसानों को कृषि विभाग की योजनाओं की जानकारी दी।
इस दौरान विनय कुमार सिंह,बल्केश्वर पटेल,राहुल राज,सुप्रिया सोनी, रामनरेश विनोद कुशवाहा, राजेश मिश्र सहित भारी संख्या में क्षेत्रीय किसान उपस्थित रहे।कार्यक्रम का संचालन राजेश्वर प्रसाद शर्मा एवं धन्यवाद ज्ञापन निरूपमा सिंह ने किया।