
अनंत पत्र
वाराणसी। वनेश्वर महादेव मंदिर भिखारीपुर में शुक्रवार को श्री शतचंडी महायज्ञ का समापन विधिविधान से किया गया। इस दौरान महायज्ञ में अरणि मंथन के द्वारा अग्नि प्रकट कर यज्ञ प्रारंभ हुआ। अरणि मंथन से अग्नि प्रकट होते ही लोगों ने यज्ञ महाराज की जय, मां दुर्गा आदि भवानी की जय के जयकारे लगाए। महायज्ञ के आयोजक तथा काशी सेवा शोध समिति के सचिव डा0 टीपी सिंह ने बताया कि महायज्ञ 20 वर्षों से अनवरत हर साल होता है। महायज्ञ पं0 चंद्रमौली उपाध्याय व सत्येंद्र मिश्रा के सानिध्य में आयोजित किया गया। नौ दिन आचार्यगणों द्वारा मंत्रोचार के साथ विधि पूर्वक किया गया।
इस दौरान महर्षि शांडिल आश्रम के पीठाधीश्वर स्वामी प्रभाकर जी, प्रभु दयाल शास्त्री, विकास मिश्रा, रोशन शास्त्री, सुधीरमणि त्रिपाठी, पूर्व ग्राम प्रधान सुरेंद्र सिंह, पूर्व उप प्रमुख अशोक सिंह, डा0 हर्षिता राय,रीमा, वंदना, राधा सिंह आदि थे।