ग्राम प्रधान पर सरकारी कार्य में बाधा व धमकी का आरोप

वाराणसी। चिरईगांव विकास खण्ड के खण्ड विकास अधिकारी ने क्षेत्र के नवापुरा ग्राम पंचायत के ग्राम प्रधान घनश्याम यादव के विरुद्ध मार-पीट,धमकी देने,अपशब्दों का प्रयोग करने व सरकारी कार्य में बाधा उत्पन्न करने का आरोप लगाते हुए सारनाथ थाने में लिखित तहरीर दी है।बीडीओ राजेश बहादुर सिंह ने बताया कि ग्राम पंचायत नवापुरा में ग्राम पंचायत की ओर से आंगनबाड़ी केन्द्र का निर्माण कराया जा रहा है। निर्माण की धनराशि ग्राम पंचायत कोई उपलब्ध करायी गयी है लेकिन ग्राम पंचायत सचिव व प्रधान की शिथिलता से कार्य अधूरा है। इसको शीघ्र पूर्ण करने के लिए सीडीओ ने निर्देशित किया है।इसी क्रम में सोमवार को अतिरिक्त कार्यक्रम अधिकारी अरुण कुमार मौर्य के साथ मौके पर दोपहर बाद पहुचे और ग्राम प्रधान को कार्य पूर्ण करने को कहा तो ग्राम प्रधान ने अपशब्दों का प्रयोग करते हुए मारने के लिए हाथ चलाया।मौके पर उपस्थित अतिरिक्त कार्यक्रम अधिकारी ने बीच बचाव किया।बीडीओ का आरोप है कि ग्राम प्रधान ने उन्हें मारने की धमकी दी एवं निर्माणाधीन भवन का निरीक्षण भी नहीं करने दिया। घटना के बाबत बीडीओ ने सारनाथ थाने में लिखित तहरीर दी है।
थाना प्रभारी सारनाथ उदय प्रताप सिंह ने बताया कि तहरीर मिली है मौके की जांच कर एफआईआर दर्ज की जायेगी। वहीं आरोपी ग्राम प्रधान घनश्याम यादव ने बताया कि बीडीओ ने मौके पर अभद्र व्यवहार किया इसलिए मैंने उनका जबाब दिया है।