अपना दल के संस्थापक डॉ० सोनेलाल पटेल के हत्या की सीबीआई जांच कराने की मांग उठाई।

वाराणसी। अपना दल कमेरावादी के तत्वावधान में प्रदेशव्यापी आन्दोलन के तहत जिला मुख्यालय स्थित शास्त्री घाट पर जोरदार धरना प्रदर्शन का आयोजन किया गया। जिसमें जनपद भर के समस्त विधानसभाओं से जुलूस के शक्ल में नारेबाजी करते हुए कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। धरना प्रदर्शन के माध्यम से अपना दल के संस्थापक डॉ सोनेलाल पटेल के हत्या की सीबीआई जांच करने की मांग की गई।
धरना प्रदर्शन के दौरान हुई सभा को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष दिलीप सिंह पटेल ने कहा कि अपना दल की स्थापना राजसत्ता पर कब्जा कर संपूर्ण व्यवस्था परिवर्तन के लिए किया गया था। जब अपना दल अपने राजनैतिक अभियान को तेजी से आगे बढ़ा रहा था, तभी वर्ष 1999 में तत्कालीन भाजपा सरकार के शह पर संस्थापक डॉ सोनेलाल पटेल जी के ऊपर इलाहाबाद के पीडी टंडन पार्क में एक जनसभा के दौरान प्राणघातक हमला कराया गया। इस दौरान डॉ पटेल के साथ कई कार्यकर्ताओं ने जेल यात्रा की। कमेरा समाज के लिए लंबे समय तक संघर्ष करते हुए 17 अक्टूबर 2009 को साजिश के तहत डॉ सोनेलाल पटेल की संदिग्ध परिस्थितियों में हत्या करा दी गई।
वक्ताओं ने कहा कि डॉ सोनेलाल पटेल के नाम पर राजनीति कर सत्ता की मलाई काट रहा डॉक्टर पटेल का एक परिवार दस वर्षों में एक बार भी संदिग्ध परिस्थितियों में हुई हत्या की जांच करने के लिए एक पत्र तक भी भारत सरकार को नहीं लिखा और अपने को डॉ पटेल का उत्तराधिकारी बताता है। इसलिए जांच अति आवश्यक है।
वक्ताओं ने अपना दल के संस्थापक डॉ सोनेलाल पटेल की हत्या की सीबीआई जांच कराने, राष्ट्रीय अध्यक्ष कृष्णा पटेल को जेड श्रेणी की सुरक्षा प्रदान करने तथा बेहद राजनेतिक कारणों से कार्यकर्ताओं पर लगे फर्जी मुकदमे वापस करने की मांग की।