खेती की नवीनतम तकनीक अपनाएं किसान। ब्लाक प्रमुख

Spread the love

किसान गोष्ठी में किसानों से फसल अवशेष न जलाने की अपील

अनंत पत्र

हरहुआं/वाराणसी । कृषि सूचना तंत्र सुदृढ़ीकरण एवं कृषक जागरूकता कार्यक्रम के अंतर्गत विकासखंड स्तरीय कृषि निवेश मेला/गोष्ठी का आयोजन बुधवार को क्षेत्र के चंदापुर पंचायत भवन किया गया।बतौर मुख्य अतिथि कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए हरहुआं विकास खण्ड के ब्लाक प्रमुख विनोद उपाध्याय ने किसानों से खेती की नवीनतम तकनीकों को अपनाने की सलाह दी उन्होंने कहा कि किसान जागरुक होकर कृषि विभाग की ओर से चलायी जा रही योजनाओं का लाभ उठाएं जिससे उनकी आय में वृद्धि हो सके।
कृषि विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ कृषि वैज्ञानिक डा.राहुल सिंह ने फसल अवशेष प्रबंधन पर विस्तारपूर्वक चर्चा की।उन्होंने किसानों से खेतों में फसल अवशेष न जलाने का अनुरोध करते हुए कहा कि फसल अवशेषों को सड़ाकर खाद बनाने के लिए किसान भाई डी-कम्पोजर का प्रयोग करें।
सहायक विकास अधिकारी कृषि देवेंद्र पाण्डेय ने कहा कि किसान रबी फसलों (चना,मटर,सरसों,मसूर आदि) के बीजों पर शासन की ओर से दिये जा रहे अनुदान का लाभ उठाकर उच्च गुणवत्ता युक्त बीजों का प्रयोग करें।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे सहायक निदेशक मृदा परीक्षण राजेश कुमार राय ने कहा मिट्टी में घटता जीवांश चिंता का बिषय है,ऐसे में किसान जैविक खाद,हरी खाद आदि का प्रयोग करके खेतों में जीवांश की मात्रा को बढ़ाएं।उन्होंने किसानों को फसल सुरक्षा के उपाय भी सुझाए। कार्यक्रम को पशु चिकित्साधिकारी डा.आशीष वर्मा,गन्ना पर्यवेक्षक नरेंद्र सोनी ने भी सम्बोधित किया।
किसान मेले में कृषि विभाग, स्वास्थ्य विभाग, यूनियन बैंक ऑफ इंडिया, उद्यान विभाग, पशुपालन विभाग, मत्स्य विभाग,इफको, कृभको सहित अन्य प्रमुख कंपनियों के स्टाल लगाये गये जो किसानों के आकर्षण का केंद्र रहे।
इस दौरान वृजेश विश्वकर्मा,बीटीएम रामसकल मौर्या,सहायक तकनीकी प्रबंधक अखिलेश सिंह,मनीष सिंह,तकनीकी सहायक बच्चूलाल,कृष्ण कुमार मौर्या,सर्वेश कुमार,नेहा कुमारी,रूमा शर्मा ,आकांक्षा राय सहित भारी संख्या में किसान उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन धन्यवाद राम सकल ने किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *