
अनंत पत्र
वाराणसी। स्थानीय ब्लाक मुख्यालय सभागार में सोमवार को बाल विकास परियोजना की ओर से आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं के लिए “पोषण भी पढ़ाई भी” के तीन दिवसीय प्रशिक्षण का शुभारंभ किया गया।
इस दौरान मास्टर ट्रेनरों ने नवचेतना व आधारशीला पुस्तक पर चर्चा करते हुए मां के गर्भ में आने से लेकर जन्म लेने तक बच्चों के विकास व पोषण के विभिन्न गतिविधियों के बारे में बताया। साथ ही जन्म लेने पश्चात बच्चों के सर्वांगीण विकास पर विशेष ध्यान देने की जरूरत बतायी गयी। केंद्र संचालन पर फोकस करते हुए खेल, चित्र, किताब समेत स्वतंत्र गतिविधियों के माध्यम से बच्चों के विकास पर बल दिया गया। आंगनवाड़ी केंद्र में आयु व श्रेणीवार पठन-पाठन के बारे में भी बताया गया।
प्रशिक्षण लेने वालों में सूजाबाद, रामनगर, रमना समेत कई गांवो की आंगनवाड़ी कार्यकर्ता मौजूद थीं।
प्रशिक्षण देने वालों में सीडीपीओ रमेश यादव, मुख्य सेविका कामिनी पांडेय, गीतांजली, सौरभ यादव थे।