मिशन शिक्षण संवाद में शिक्षकों ने नवाचार को मंच से किया साझा

Spread the love

अनंत पत्र
वाराणसी। क्षेत्र के केराकतपुर स्थित वाराणसी पब्लिक स्कूल में रविवार को मिशन शिक्षण संवाद के तहत जनपदस्तरीय शैक्षिक संगोष्ठी व शिक्षक सम्मान समारोह का आयोजन किया गया था। कार्यक्रम में जनपद वाराणसी के सभी विकास खंड व नगर क्षेत्र के लगभग 125 शिक्षकों ने प्रतिभाग किया। उपस्थित शिक्षकों ने अपने नवाचारों को मंच से साझा किया। कार्यक्रम का शुभारंभ करते हुए जिला विद्यालय निरीक्षक डा0 अवध किशोर सिंह ने कहा कि मिशन शिक्षण संवाद के इस मंच पर एक से एक नवाचार देखने को मिल रहा है। उन्होंने जनपद के अन्य शिक्षकों से भी इसमें जुड़ने का आह्वान किया। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी डा0 अरविंद कुमार पाठक ने कहा कि शिक्षक समाज को नयी दिशा प्रदान करता है। शिक्षक की जगह कोई मशीन नहीं ले सकता है। शिक्षक यदि पूर्ण मनोयोग से शिक्षण कार्य करें तो उसे किसी चीज की आवश्यकता नहीं है। राज्य पुरस्कार प्राप्त शिक्षक रविन्द्र सिंह ने बताया कि इसका उद्देश्य एक दूसरे को सीखने सिखाने के लिए किया गया है। उन्होंने यह भी कहा कि इससे जुड़े शिक्षक अपने रोचक शिक्षण विधियों को एक दूसरे के साथ साझा करते हैं जिससे सभी को कुछ नया करने को मिलता है। कार्यक्रम में इस वर्ष राज्य पुरस्कार से सम्मानित कमलेश पांडेय का सम्मान किया गया। सभी शिक्षकों को प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। कार्यक्रम का संचालन अमृता सिंह ने किया। इस दौरान राज्य पुरस्कार प्राप्त शिक्षिका सरिता राय, वाराणसी पब्लिक स्कूल के निदेशक अमित पांडेय, आराधना दुबे, जमाल अहमद खान, अनीता शुक्ला, श्वेता राय आदि शिक्षक मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *