115 लोगों ने कराई जांच, सीएमओ ने किया निरीक्षण

अनंत पत्र
वाराणसी। शहरी सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र चौकाघाट में बुधवार को निःशुल्क थायराइड जांच शिविर लगाया गया। मैट्रोपोलिस लैब संस्था के सहयोग से आयोजित इस शिविर में कुल 115 लोगों की जांच की गई। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. संदीप चौधरी ने शिविर का निरीक्षण किया और स्वास्थ्यकर्मियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए।
सीएचसी की अधीक्षक डॉ फाल्गुनी गुप्ता ने बताया कि वर्तमान में थायराइड की सबसे ज्यादा समस्या महिलाओं के अंदर देखने को मिल रही है। शिविर के माध्यम से उन्हें थायराइड स्वास्थ्य के बारे में जागरूक किया जा रहा है साथ ही उनकी जांच कर आवश्यक दवा एवं परामर्श भी प्रदान किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि अत्यधिक थकान महसूस होना, बिना किसी कारण के या अचानक वजन घटना/बढ़ना, शुष्क त्वचा, बालों का झड़ना, हृदय गति का सामान्य से अधिक तेज या धीमा होना, तथा महिलाओं में भारी या अनियमित मासिक धर्म चक्र थायराइड के सामान्य लक्षण हैं।
शिविर में डॉ शैला त्रिपाठी एवं डॉ सीबी आर्य के द्वारा थायराइड से संबंधित उपचार एवं निदान के बारे में आवश्यक जानकारी दी गई।