सरकार किसानों के उत्थान हेतु समर्पित। पूनम मौर्य

Spread the love

127 किसानों को वितरित किया गया चयन प्रमाण-पत्र

अनंत पत्र

वाराणसी। प्रदेश की मौजूदा सरकार कृषि एवं किसानों के हितों की रक्षा के लिए समर्पित रही है,किसानों के कल्याण के लिए नित नये कदम उठाए जा रहे हैं जिससे किसानों की आमदनी में वृद्धि हो सके।उक्त बातें जिला पंचायत अध्यक्षा पूनम मौर्या ने रविवार को चांदपुर स्थित कृषि कल्याण केंद्र पर कृषि विभाग द्वारा आयोजित कार्यक्रम में किसानों को सम्बोधित करते हुए कही।
कुशीनगर में आयोजित राज्य स्तरीय विराट किसान मेला एवं प्रदर्शनी के अवसर पर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा पीएम कुसुम योजना के तहत प्रदेश के 20 हजार किसानों को चयन प्रमाण-पत्र वितरित किया गया।उक्त कार्यक्रम का सजीव प्रसारण कृषि कल्याण केंद्र चांदपुर पर किया गया जिसके माध्यम से जनपद के किसानों ने प्रदेश के कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही एवं मुख्यमंत्री का सम्बोधन सुना।
उक्त अवसर पर प्रधानमंत्री किसान ऊर्जा सुरक्षा एवं उत्थान महाभियान (पीएम कुसुम) योजनान्तर्गत जिला पंचायत अध्यक्षा ने पीएम कुसुम योजना के तहत सोलर पम्प के लिए कृषक अंश जमा करने वाले 127 किसानों को सोलर पम्प के लाभार्थी के रूप में चयन प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया।उन्होंने अपने सम्बोधन में कहा कि सोलर पम्प वाराणसी के किसानों के लिए मील का पत्थर साबित होगा।
जनपद के उप कृषि निदेशक अखिलेश कुमार सिंह ने कहा कि पीएम कुसुम योजना के तहत 60 फीसदी अनुदान पर मिलने वाले सोलर पम्प किसानों के उपयोगी होंगे और इसके उपयोग से विजली की बचत के साथ ही जल संरक्षण को भी बढ़ावा मिलेगा।
उप कृषि निदेशक ने बताया कि जनपद के लिए सोलर पम्प का कुल लक्ष्य 192 था जिसके सापेक्ष 171 किसानों ने आनलाईन बुकिंग करायी और 127 किसानों ने सोलर पम्प के लिए कृषक अंश की धनराशि जमा की जिन्हें प्रमाण -पत्र प्रदान किया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए प्रगतिशील कृषक कैलाशनाथ मिश्र ने पीएम कुसुम योजना को किसानों के लिए उपयोगी बताया।
इस दौरान सोलर पम्प योजना सहायक आशीष प्रकाश,मनोज प्रजापति, बीटीएम देवमणि त्रिपाठी,अनिल सिंह सहित विभागीय कर्मचारी व किसान उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन अश्वनी कुमार सिंह एवं धन्यवाद ज्ञापन उप कृषि निदेशक ने किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *