दिल्ली चेतन चौहान अनसंग हीरोज अवार्ड 2025 से सम्मानित हुए वाराणसी के अमित पांडेय किशन

Spread the love

हैंडबॉल खेल प्रशासन में उत्कृष्ट योगदान के लिए मिला राष्ट्रीय सम्मान

अनंत पत्र
वाराणसी। भारतीय खेल प्रशासन में उत्कृष्ट योगदान और खिलाड़ियों के विकास के लिए किए गए सार्थक प्रयासों के चलते वाराणसी के युवा खेल प्रशासक अमित पाण्डेय ‘किशन’ को आज राष्ट्रीय स्तर पर अत्यंत प्रतिष्ठित चेतन चौहान अनसंग हीरोज़ अवार्ड 2025 से सम्मानित किया गया। यह सम्मान राजधानी दिल्ली स्थित उस ऐतिहासिक स्थल पर आयोजित समारोह में प्रदान किया गया, जहाँ भारत का संविधान लिखा गया था। इस स्थल पर सम्मान मिलना अपने आप में इसे और अधिक गौरवपूर्ण बनाता है।

अमित पाण्डेय ‘किशन’ वर्तमान में उत्तर प्रदेश हैंडबॉल संघ के कार्यकारी महासचिव के रूप में कार्यरत हैं। खेल को जमीनी स्तर पर मजबूत बनाने, खिलाड़ियों को बेहतर अवसर उपलब्ध कराने और राज्य में हैंडबॉल को नई पहचान दिलाने के लिए उनकी सक्रिय भूमिका को राष्ट्रीय स्तर पर सराहा गया है।

कार्यक्रम में मुख्य अथिति प्रो एस पी सिंह बघेल केंद्रीय मंत्री, विशिष्ट अतिथि दिल्ली क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष रोहण जेटली एवं देशभर से आए खेल व्यक्तित्वों, प्रशासकों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। समारोह के दौरान वक्ताओं ने कहा कि अमित पाण्डेय जैसे युवा और उत्साही प्रशासक भारत के खेल भविष्य को मजबूत आधार देने में अहम भूमिका निभा रहे हैं। उनके नेतृत्व में उत्तर प्रदेश में हैंडबॉल को लेकर नई ऊर्जा और दिशा देखने को मिली है।

सम्मान प्राप्त करने के बाद अमित पाण्डेय ने कहा कि यह पुरस्कार उनके व्यक्तिगत प्रयासों का नहीं, बल्कि पूरे हैंडबॉल परिवार, खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और सहयोगियों की संयुक्त मेहनत का परिणाम है। उन्होंने आगे भी खेल को नई ऊँचाइयों पर ले जाने का संकल्प दोहराया।

समारोह के अंत में आयोजकों ने उम्मीद जताई कि आने वाले समय में अमित पाण्डेय जैसे युवा खेल प्रशासक भारत को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर हैंडबॉल सहित विभिन्न खेलों में मजबूत पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएँगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *